बिहार के बेतिया में शादी के दौरान दूल्हे की अचानक मौत
बिहार के बेतिया जिले में एक शादी के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। शादी की रस्में चल रही थीं और कुछ ही मिनटों में जयमाल का कार्यक्रम शुरू होना था, तभी दूल्हे की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। इस घटना से शादी के मंडप में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए। शादी की खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
शादी से पहले ही हुई दूल्हे की मौत, परिवार में छाया शोक
मामला मझौलिया प्रखंड के सरिसवा बाजार के भरवलिया वार्ड 6 का है, जहां 25 वर्षीय शक्तिनाथ शर्मा की शादी पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा में तय थी। गुरुवार रात को राम-जानकी मंदिर में शादी का समारोह चल रहा था। बारात पहुंच चुकी थी, स्वागत हो रहा था और जयमाल की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इसी बीच, अचानक शक्तिनाथ को तेज पेट दर्द हुआ, जिसे शुरू में परिवार ने सामान्य समस्या समझा। लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत गंभीर हो गई। परिवार तुरंत उसे रक्सौल के एसआरपी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से जारी मौत का प्रमाणपत्र मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
शादी के बीच ही दूल्हे की मौत से फैली शोक की लहर
शव जैसे ही उसके पैतृक गांव भरवलिया पहुंचा, वहां मौजूद ग्रामीणों का हृदय व्यथित हो उठा। अंतिम दर्शन के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे और परिजन फूट-फूट कर रोने लगे। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ ओझा-गुनी जैसी बातों का जिक्र कर रहे हैं। अभी तक अस्पताल की ओर से मौत के कारणों पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। इस दुखद घटना ने पूरे परिवार और क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।











