दक्षिणी दिल्ली में आत्महत्या का मामला सामने आया
दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क क्षेत्र में शनिवार को एक न्यायिक अधिकारी ने अपने जीवन का अंत कर लिया। 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा, जो कड़कड़डूमा अदालत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के रूप में कार्यरत थे, अपने घर में मृत पाए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की
सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को डीडी नंबर 34 के तहत एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बाथरूम में शव मिलने की सूचना थी। तुरंत ही पुलिस टीम ग्रीन पार्क के यू-4ए, प्रथम तल पर पहुंची। जांच में पता चला कि अमन कुमार शर्मा अपने घर के बाथरूम में मृत अवस्था में पाए गए। बाथरूम की खिड़की का शीशा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों और पुलिस की शुरुआती जांच जारी
मृतक के जीजा शिवम ने घटना की जानकारी दी, जो डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में किसी भी साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं पाए हैं। हालांकि, अधिकारी मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं। अभी तक आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों, दोस्तों और करीबी सहयोगियों से पूछताछ कर रही है।
रिश्तेदार राजेश शर्मा ने बताया कि अमन ने रात 10 बजे अपने पिता को फोन कर कहा था कि वह बहुत परेशान है और जीना मुश्किल हो रहा है। पिता ने उसे हौसला दिया और पूछा कि क्या हुआ। रात में ही पिता दिल्ली के लिए निकल गए और 12 बजे पहुंच गए। पता चला कि अमन का पत्नी से विवाद चल रहा था, और उसने कहा कि वह दो महीने से बहुत परेशान है।
अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने 2018 में पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी की थी। अपने कार्यकाल में उन्होंने कई आपराधिक और दीवानी मामलों की सुनवाई की और विभिन्न अदालतों में न्यायिक जिम्मेदारियां निभाईं। अक्टूबर 2025 से वह कड़कड़डूमा अदालत में उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में फुल-टाइम सचिव के पद पर तैनात थे। उनकी अचानक मौत ने उनके परिवार और न्यायिक क्षेत्र के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा। दिल्ली पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। यदि आप या आपके परिचित मनोवैज्ञानिक संकट में हैं, तो तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें। आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं। आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने में मदद करेंगे।










