पटना के नौबतपुर में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला
पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र के चेसी गांव में एक नवविवाहिता की कथित दहेज हत्या का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि ससुराल वालों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को पहले जला दिया और फिर जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।
रूपा की मौत और परिजनों का आरोप
मृतका की पहचान रूपा के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज दो महीने पहले चेसी गांव निवासी प्रदुमन कुमार से हुई थी। परिजनों के अनुसार 22 तारीख की रात करीब 11 बजे रूपा से उनकी आखिरी बातचीत हुई, जिसमें उसने ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी।
परिजनों ने बताया कि उसी रात ससुराल पक्ष ने फोन कर सूचना दी कि रूपा ने फांसी लगा ली है। अगले दिन सुबह जब वे गांव पहुंचे, तो घर के सभी लोग फरार मिले और रूपा का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने नौबतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई और ससुराल के छह सदस्यों को नामजद किया।
जली हुई लाश का खुलासा और जांच
घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने चेसी गांव के खेत में जेसीबी की मदद से खुदाई कर जली हुई शव को बरामद किया। शव की पहचान रूपा के रूप में हुई। मृतका के भाई धीरज कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या कर शव को जलाया गया और करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया गया। उन्होंने कहा कि ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया और सबूत मिटाने का प्रयास किया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिटी एसपी पटना वेस्ट भानु प्रताप सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला दहेज हत्या का प्रतीत होता है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को जलाकर और गड्ढा खोदकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की है। पुलिस ने इस मामले में दहेज हत्या, संगठित अपराध और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में केस दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जांच जारी है।











