मोतिहारी में जहरीली शराब का बड़ा खुलासा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
बिहार के मोतिहारी जिले में जहरीली शराब से जुड़ी खौफनाक घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी और ‘मौत के सौदागर’ के रूप में पहचाने जाने वाले स्प्रिट माफिया लवकुश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी तुरकौलिया क्षेत्र से हुई है, जहां से उसे हिरासत में लिया गया।
जहरीली शराब से हुई मौतों का सिलसिला और पुलिस की कार्रवाई
मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक दस लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से बीमार हैं और कई ने अपनी आंखों की रोशनी भी खो दी है। इस मामले में पुलिस ने पहले भी कई आरोपियों को पकड़ लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी फरार था। एसपी स्वर्ण प्रभात ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि लवकुश यादव ही जहरीली स्पिरिट की बड़ी खेप मंगवाने वाला था। उसकी योजना जिले में व्यापक स्तर पर विनाश फैलाने की थी। पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में स्प्रिट भी बरामद किया है।
आरोपी की गिरफ्तारी और जांच का क्रम
पुलिस जांच में पता चला है कि यह जहरीली स्प्रिट उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (Ghaziabad) की एक कंपनी से मंगाई गई थी। यह खेप गोरखपुर (Gorakhpur) के रास्ते मोतिहारी पहुंची थी। लवकुश यादव ने इस स्प्रिट को मोतिहारी के खुदरा विक्रेताओं और स्थानीय स्प्रिट माफिया कन्हैया यादव को बेचा था। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और कन्हैया यादव को स्प्रिट बेचने की बात भी कबूल की है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। एसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) फिलहाल दिल्ली और यूपी में सक्रिय है। स्वर्ण प्रभात ने कहा कि इस जघन्य कांड में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। गाजियाबाद की कंपनी पर भी कार्रवाई की जा रही है।










