भारत ने यूएस-इजरायल और ईरान के बीच हुए सीजफायर का स्वागत किया
भारतीय विदेश मंत्रालय ने हाल ही में हुए संघर्ष विराम पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मंत्रालय ने इस घटनाक्रम का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है। मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि हम इस युद्धविराम का समर्थन करते हैं और आशा करते हैं कि इससे क्षेत्र में स्थिरता और शांति कायम होगी।
संघर्ष समाप्ति के लिए कूटनीति और बातचीत जरूरी
मंत्रालय ने अपने बयान में जोर देते हुए कहा कि जैसे कि हमने पहले भी बार-बार कहा है, चल रहे संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए तनाव कम करना और कूटनीतिक प्रयासों को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस संघर्ष के कारण पहले ही बहुत अधिक मानव पीड़ा हुई है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति तथा व्यापार नेटवर्क भी प्रभावित हुए हैं।
ग्लोबल व्यापार और समुद्री स्वतंत्रता पर प्रभाव
मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि होर्मुज़ स्ट्रेट के माध्यम से नौवहन की स्वतंत्रता अब बाधित नहीं होगी और वैश्विक व्यापार सुगमता से चलता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस संघर्ष के समाप्त होने से विश्व स्तर पर ऊर्जा और व्यापार की आपूर्ति में स्थिरता आएगी, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए लाभकारी है।











