दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैस सिलेंडर की अवैध भंडारण और रिफिलिंग का पर्दाफाश
पिछले 24 घंटों में दिल्ली पुलिस ने राजधानी के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर गैस सिलेंडर की अवैध भंडारण और रिफिलिंग करने वाले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुंडका क्षेत्र में क्राइम ब्रांच ने एक गोदाम पर छापा मारकर कुल 610 सिलेंडर जब्त किए हैं, जिनमें से 197 सिलेंडर भरे हुए थे। इसके साथ ही पुलिस ने गांधी नगर, शकरपुर, बवाना और रोहिणी में भी कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग और स्टॉक में गड़बड़ी का खुलासा
पुलिस ने पाया कि ये आरोपी घरेलू गैस सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर कर महंगे दामों पर बेच रहे थे। मुंडका के गोदाम में स्टॉक रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी पाई गई, जिसके कारण आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से फिलिंग मशीनें, खाली और भरे सिलेंडर भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच जारी है।
गिरफ्तारियों का सिलसिला और अवैध कारोबार का पर्दाफाश
गांधी नगर से पुलिस ने राम विलास शर्मा को गिरफ्तार किया, जिनके पास से नौ भरे हुए सिलेंडर और फिलिंग मशीन मिली। वह घरेलू सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर ऊंचे दामों पर बेच रहा था। वहीं, शकरपुर में योगेश गुप्ता को पकड़ा गया, जिसके पास दो भरे हुए घरेलू सिलेंडर और तीन छोटे सिलेंडर मिले हैं। योगेश बिना लाइसेंस के अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम कर रहा था।
इसके अलावा बवाना में पुलिस ने एक शख्स को अवैध रूप से गैस भरते हुए पकड़ा, जो महंगे दामों पर सिलेंडर बेच रहा था। रोहिणी में पुष्पेंद्र नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जो घरेलू सिलेंडर से चोरी-छिपे कॉमर्शियल सिलेंडर में गैस ट्रांसफर कर रहा था। पुलिस ने सभी सिलेंडर जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।











