प्रधानमंत्री मोदी ने मेरठ में नई रैपिड रेल सेवा का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल मेरठवासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए ‘नमो भारत’ नामक रैपिड रेल सेवा का शुभारंभ किया। यह अत्याधुनिक रैपिड ट्रेन यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान कर रही है। इस ट्रेन को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिज़ाइन किया गया है, हालांकि वर्तमान में इसका संचालन 160 किमी प्रति घंटे की गति से हो रहा है।
दिल्ली से मेरठ का किराया और यात्रा सुविधाएं
इस नई सेवा के तहत दिल्ली से मेरठ का टिकट मूल्य 210 रुपये तय किया गया है। यह खास रैपिड रेल सेवा यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक सफर का विकल्प प्रदान कर रही है। कुल 80.15 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में से 12 किलोमीटर का हिस्सा अंडरग्राउंड है, जिसमें दिल्ली में 5 किलोमीटर और उत्तर प्रदेश में 7 किलोमीटर शामिल हैं। इस मार्ग पर कुल 16 प्रमुख स्टेशन बनाए गए हैं।
स्टेशन, पार्किंग और यात्रियों की सुरक्षा के इंतजाम
नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर पर निर्माणाधीन स्टेशन जैसे जंगपुरा, आनंद विहार, बेगमपुल, सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ, मेरठ साउथ, शताब्दी नगर और मोदीपुरम शामिल हैं। NCRTC (National Capital Region Transport Corporation) ने इन सभी स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिसमें सबसे अधिक व्यवस्था गाजियाबाद, मेरठ साउथ, सराय काले खां, गुलधर और मोदीपुरम स्टेशनों पर है।
पार्किंग शुल्क में कार के लिए 80 रुपये (12 से 16 घंटे), दोपहिया वाहन के लिए 10 से 30 रुपये (6 से 16 घंटे), साइकिल के लिए 5 से 20 रुपये और मासिक शुल्क क्रमशः 600 रुपये (दोपहिया) और 2000 रुपये (चारपहिया) है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर डिब्बे में ओवरहेड लगेज रैक, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग सॉकेट, पानी की बोतल रखने की जगह, मैगजीन होल्डर और फुट स्टैंड जैसी सुविधाएं दी गई हैं। साथ ही, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, डिस्प्ले सिस्टम, डायनामिक रूट मैप, इंफोटेनमेंट डिस्प्ले और इमरजेंसी कम्युनिकेशन सिस्टम भी मौजूद हैं। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे, फायर और स्मोक डिटेक्टर, अग्निशामक यंत्र और डोर इंडिकेटर लगाए गए हैं। महिलाओं के लिए एक विशेष कोच भी रिजर्व किया गया है, जिससे यात्रा और अधिक सुरक्षित हो सके।










