पूर्वी दिल्ली में युवक की चाकू से हत्या, आरोपी नाबालिग
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार क्षेत्र के आचार्य निकेतन इलाके में बीती रात एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण राज के रूप में हुई है, जो एक डिलीवरी एक्जीक्यूटिव था और पटपड़गंज का निवासी था। पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी की रात लगभग 8 बजकर 15 मिनट पर पांडव नगर थाना क्षेत्र में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई।
हत्या का मामला और पुलिस की कार्रवाई
मौके पर पहुंची पुलिस ने अरुण राज को गंभीर हालत में एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। इस दौरान उनकी अरुण राज से कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने तेज धारदार हथियार से उसके गर्दन और सीने पर कई वार किए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सभी आरोपी नाबालिग हैं। फिलहाल एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में कई टीमों का गठन कर छापेमारी जारी है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, और मामले की गहन जांच की जा रही है।










