बिहार के मोतिहारी में दर्दनाक सड़क हादसा, मासूम बच्ची की मौत
बिहार के मोतिहारी जिले में एक दुखद सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। पूर्वी चंपारण के भारतमाला हाइवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार में चल रही दूल्हे की गाड़ी ने खेत की ओर जा रही छह वर्षीय मासूम बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग बच्ची की चीखें सुनकर घटनास्थल पर पहुंच गए।
दूल्हे की गाड़ी ने बच्ची को कुचला, फरार चालक की तलाश जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही गाड़ी ने सड़क पार कर रही बच्ची को सीधे टक्कर मारी। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक बच्ची के दादा दहाउर राम ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, बच्ची के पिता झापस राम जो मजदूरी के लिए घर से बाहर गए थे, उन्हें रास्ते में ही इस घटना की खबर मिली।
स्थानीय लोगों का आक्रोश, हाइवे जाम और पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने बांस-बल्ला लगाकर हाइवे को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण न होने के कारण अक्सर जान का खतरा बना रहता है। उन्होंने फरार वाहन को तुरंत गिरफ्तार करने, सड़क पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद जाम को समाप्त किया। पुलिस ने लोगों को शांत करने का प्रयास किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी है।









