मंदसौर के शामगढ़ में नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल का मामला
मंदसौर जिले के शामगढ़ क्षेत्र में एक गंभीर घटना प्रकाश में आई है, जिसमें 16 वर्षीय छात्रा के साथ अश्लील वीडियो बनाकर उसे धमकाने और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे नगर में तनाव का माहौल बन गया है, और शुक्रवार की सुबह से ही बाजार पूरी तरह बंद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामगढ़ थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
पीड़ित लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि
राव कॉलोनी निवासी रिहान पिता शाकिर अब्बासी और बाबू पिता रिहान शाह ने उसे धमकाकर अश्लील वीडियो बनाने के लिए मजबूर किया। पीड़िता ने बताया कि रिहान ने उसकी मां के मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर अपने फोन में ट्रांसफर कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दी और पैसे की मांग की। परिवार ने डर के कारण पहले दो लाख रुपये दे दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दिए।
आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस की कार्रवाई
वायरल होने के बाद पूरे नगर में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया और शामगढ़ का पूरा बाजार बंद करा दिया। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। नगर परिषद ने भी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के मकान की नपती कराई और नल कनेक्शन काट दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तुरंत केस दर्ज किया गया। अलग-अलग टीम बनाकर 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ 11 धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिनमें अश्लील वीडियो बनाना, ब्लैकमेलिंग और छेड़छाड़ जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस परिवार से संपर्क बनाए रखी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस घटना के बाद शामगढ़ में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।










