इंदौर में युवा की अचानक मौत से हड़कंप मचा
देशभर में बढ़ते हृदय रोगों और हार्ट अटैक की घटनाओं के बीच एक दुखद खबर इंदौर से सामने आई है। यहां 27 वर्षीय युवक अपनी स्कूटी को सुधारने के लिए पैदल ही ले जा रहा था, तभी उसकी अचानक मौत हो गई। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान आकर्षित किया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का है
यह घटना परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के जनता क्वार्टर इलाके की है। युवक का नाम विनीत (27 वर्ष) है, जो अपनी स्कूटी को ठीक कराने के लिए पास के एक मैकेनिक के पास जा रहा था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह अपने दोपहिया वाहन को पैदल ही ले जा रहा था, तभी अचानक से उसकी तबीयत बिगड़ी और वह सड़क पर गिर पड़ा। प्राथमिक चिकित्सा में डॉक्टरों ने उसकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोग तुरंत ही युवक को अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में हृदय रोगों के प्रति चिंता बढ़ गई है।











