मध्य प्रदेश सिवनी हवाला लूट का खुलासा: फोन कॉल्स ने किया बड़ा खुलासा
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में हवाला लूट मामले में CSP पूजा पांडेय के मोबाइल फोन से जुड़े चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। फोरेंसिक रिपोर्ट के अनुसार, 8 अक्टूबर की रात 11:14 बजे डीएसपी पंकज मिश्रा से हवाला रकम ले जाने की जानकारी मिली। इसके मात्र तीन मिनट बाद 11:17 बजे पूजा पांडेय ने अपने जीजा वीरेंद्र दीक्षित से फोन पर बातचीत की।
फोन कॉल्स और चैट से जुड़ी अहम जानकारियां
8 अक्टूबर से अगले 24 घंटे के दौरान पूजा पांडेय ने अपने जीजा से कुल 53 बार बात की, जिनमें से 10 बार घटना से पहले और 43 बार घटना के बाद हुई। इसके अलावा, उनके मोबाइल से चैट भी रिकवर हुई, जिसमें साली और जीजा वीरेंद्र दीक्षित के बीच की बातचीत शामिल है। रात 2:02 से 4:03 बजे के बीच चार मैसेज भी मिले हैं, जिनमें वीरेंद्र दीक्षित ने पूजा को कहा, “30-70 में नहीं मानना, वो लोग मान जाएंगे और जल्दी करो, थोड़ा जल्दबाजी दिखाओ तो काम हो जाएगा।”
गुप्त बातचीत और पुलिसकर्मियों के बीच संपर्क
इसके अतिरिक्त, घटना के बाद 9 अक्टूबर को, जीजा वीरेंद्र दीक्षित ने घटना में शामिल तीन पुलिसकर्मियों से भी 9 बार फोन पर बात की। फोरेंसिक रिपोर्ट में जबलपुर के खिलौना कारोबारी पंजू गोस्वामी और क्राइम के आरक्षक प्रमोद सोनी के बीच भी 25 बार फोन पर बातचीत हुई। इसी दौरान, पंजू गोस्वामी, प्रमोद सोनी और डीएसपी पंकज मिश्रा के बीच कांफ्रेंस कॉल भी हुई।
गौरतलब है कि 8 और 9 अक्टूबर की रात जबलपुर क्राइम ब्रांच के आरक्षक प्रमोद सोनी को जानकारी मिली कि, जबलपुर के खिलौना कारोबारी पंजू गोस्वामी ने 2 करोड़ 96 लाख रुपये की हवाला रकम सिवनी के रास्ते नागपुर ले जाने की योजना बनाई है। प्रमोद सोनी ने यह खबर बालाघाट हॉक फोर्स में तैनात डीएसपी पंकज मिश्रा को दी, जिन्होंने फिर सीएसपी पूजा पांडेय को सूचित किया। इस मामले में पूजा पांडेय पर 10 पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर 1.47 करोड़ रुपये की लूट का आरोप है। अब तक, पूजा समेत कुल 11 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।











