बोर्ड ऑफ पीस का निर्माण और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल पर स्थापित होने जा रहे ‘बोर्ड ऑफ पीस’ को लेकर वैश्विक स्तर पर नई कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान ने घोषणा की है कि उसके प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ आगामी सप्ताह वाशिंगटन में होने वाली इस मंच की पहली बैठक में भाग लेंगे। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके साथ विदेश मंत्री इशाक दर भी मौजूद रहेंगे। दूसरी ओर भारत ने भी इस निमंत्रण को स्वीकार किया है, लेकिन स्पष्ट किया है कि वह अभी इस प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है और सोच-समझकर ही कोई निर्णय लेगा।
मंच का उद्देश्य और देशों की प्रतिक्रियाएँ
शुरुआत में इस मंच का उद्देश्य गाजा के अस्थायी शासन और उसके पुनर्निर्माण की देखरेख करना था, लेकिन बाद में ट्रंप ने इसे विश्वव्यापी संघर्षों से निपटने वाला एक व्यापक मंच बनाने का संकेत दिया। इस बदलाव ने कई देशों और विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है, जो डरते हैं कि यह ढांचा संयुक्त राष्ट्र की भूमिका को कमजोर कर सकता है। अभी तक जी-7 के किसी भी प्रमुख सदस्य ने इस मंच में आधिकारिक रूप से भाग नहीं लिया है, लेकिन पाकिस्तान ने जल्दबाजी में ही इसमें भाग लेने का फैसला किया है।
पाकिस्तान का दृष्टिकोण और भारत का सतर्क रुख
पाकिस्तान का दावा है कि वह इस कदम को अपनी इच्छा से उठा रहा है और वह आठ इस्लामी अरब देशों की सामूहिक आवाज का हिस्सा है। वह फिलिस्तीन के लिए 1967 से पहले की सीमाओं पर आधारित स्वतंत्र राज्य और अल कुद्स को उसकी राजधानी बनाने का समर्थन कर रहा है। हालांकि यह नैतिक रूप से अच्छा प्रतीत हो सकता है, सवाल यह है कि क्या इस मंच से वास्तव में कोई स्थायी समाधान निकलेगा या यह केवल शक्तिशाली देशों की छवि चमकाने का माध्यम बन जाएगा।
वहीं भारत का रुख अधिक परिपक्व और संतुलित नजर आता है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट कहा है कि भारत पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और संवाद के हर प्रयास का समर्थन करता है, लेकिन किसी भी नई पहल में शामिल होने से पहले उसके ढांचे, उद्देश्यों और प्रभाव का गहराई से विश्लेषण जरूरी है। यह जिम्मेदार कूटनीति का संकेत है कि हर मंच पर भाग लेना जरूरी नहीं, बल्कि संयम और सोच-समझ कर कदम उठाना ही सही रणनीति है।
पाकिस्तान की इस उत्सुकता का एक कारण उसकी अंतरराष्ट्रीय छवि भी है। वह लंबे समय से खुद को शांति का समर्थक दिखाने की कोशिश करता रहा है, जबकि उसकी जमीन पर स्थिति उलट है। ऐसे में वह हर ऐसे मंच का हिस्सा बनना चाहता है, जहां वह अपनी जगह और छवि दोनों बना सके। दावोस में अपनी उपस्थिति से पहले ही वह वाशिंगटन में भी अपनी वैधता स्थापित करने का प्रयास कर रहा है, हालांकि विश्व की बड़ी शक्तियां अभी उससे दूरी बनाए हुए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम में एक और परत भी है। ट्रंप बार-बार दावा करते रहे हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच टकराव को रोका है, लेकिन भारत ने इस बात को खारिज कर दिया है और कहा है कि वह अपने सुरक्षा हितों पर किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार नहीं करता। ऐसे में ‘बोर्ड ऑफ पीस’ जैसे मंच कहीं न कहीं राजनीतिक खेल का मैदान भी बन सकते हैं, जहां कौन शांति का दूत बनेगा और किसकी कहानी चलेगी, यह भी तय होना है। साथ ही भारत और अमेरिका के बीच मजबूत हो रहे व्यापार संबंधों को देखते हुए पाकिस्तान को डर है कि नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच बेहतर होते रिश्ते उसके लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं, इसलिए शहबाज शरीफ तेजी से अमेरिका की ओर भाग रहे हैं।
वास्तव में, भारत का सतर्क और सोच-समझ कर लिया गया कदम प्रशंसनीय है। विश्व राजनीति में हर नई पहल जरूरी नहीं कि वह सद्भाव का प्रतीक हो। किसी भी मंच में शामिल होना केवल अच्छा दिखने का मामला नहीं है, बल्कि यह संप्रभुता, रणनीतिक स्वतंत्रता और दीर्घकालिक हितों से जुड़ा निर्णय है। यदि कोई ढांचा संयुक्त राष्ट्र जैसी स्वीकृत संस्था को किनारे कर समानांतर व्यवस्था खड़ी करता है, तो उसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं। भारत का यह ठहराव दर्शाता है कि वह भावनाओं से नहीं, बल्कि अपने हितों से संचालित शक्ति है।
पाकिस्तान के लिए यह मंच एक तरह का मानो बेचैनी का इलाज है। वह हर उस दरवाजे पर दस्तक देना चाहता है, जहां से उसे मान्यता, सहायता या महत्व मिल सके। लेकिन केवल मंचों पर मौजूदगी से ही विश्वसनीयता नहीं बनती; यह नीतियों और आचरण से ही स्थापित होती है।
अंत में, शांति के नाम पर बनने वाले हर मंच की असली परीक्षा उसके उद्देश्य और परिणामों से ही होगी। भारत ने समझदारी से अपने कदम अपने हितों में रखे हैं, जबकि पाकिस्तान ने जल्दबाजी में शॉट खेल दिया है। समय ही बताएगा कि किसकी चाल कितनी दूर तक जाती है।











