इजरायल का कड़ा संकल्प और बंधक रिहाई की मांग
इजरायल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सभी बंधकों को मुक्त नहीं किया जाता, तब तक गाजा के साथ होने वाले किसी भी समझौते पर कोई भी सहमति नहीं बनेगी। उन्होंने यरूशलम में आयोजित एक बैठक में यह बात कही। नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की प्रस्तावित गाजा युद्धविराम योजना का कोई भी अन्य पहलू तब तक आगे नहीं बढ़ेगा, जब तक सभी बंधकों की रिहाई सुनिश्चित नहीं हो जाती।
गाजा में सुरंग का पता चला, हथियार बनाने का संदेह
दक्षिणी गाजा शहर में स्थित जॉर्डन अस्पताल के पास से इजरायली सैनिकों ने एक 1.5 किलोमीटर लंबी सुरंग का पता लगाया है। इजरायल का दावा है कि इस सुरंग का उपयोग हथियार बनाने के लिए भूमिगत कार्यशाला तक पहुंचने के लिए किया जाता था। साथ ही, यह भी आरोप है कि हमास अस्पताल परिसरों का मानवीय सुविधाओं के नाम पर सैन्य गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करता है।
मिस्र में हो रही इजराइल-हमास की बातचीत
इजराइल और हमास के प्रतिनिधि सोमवार को मिस्र के एक रिसॉर्ट में बैठक कर रहे हैं, ताकि गाजा में संभावित युद्ध विराम पर सहमति बन सके। इस बैठक का आयोजन लाल सागर के शर्म अल शेख में हो रहा है, जहां इजराइली प्रतिनिधिमंडल रॉन डेरमर के नेतृत्व में पहुंच चुका है। वहीं, चरमपंथी समूह ने कहा है कि खलील अल-हय्या के नेतृत्व में हमास का प्रतिनिधिमंडल रविवार को मिस्र पहुंचा। इस वार्ता का मुख्य उद्देश्य युद्ध विराम के पहले चरण पर सहमति बनाना है, जिसमें इजराइली सेना की आंशिक वापसी और बंधकों की रिहाई शामिल है।
अमेरिकी और क्षेत्रीय भागीदारी के साथ शांति प्रयास
मिस्र के सरकारी समाचार पत्र अल-अहरम के अनुसार, अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी इस वार्ता में भाग लेने की उम्मीद जता रहे हैं। यह नवीनतम शांति प्रयास तब हो रहा है, जब हमास ने अमेरिकी शांति योजना की कुछ शर्तों को स्वीकार किया है। उल्लेखनीय है कि 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमले में हमास ने इजराइल में 251 लोगों का अपहरण कर लिया था और लगभग 1200 नागरिकों की हत्या कर दी थी। इस हमले के बाद से ही युद्ध छिड़ा हुआ है, जिसमें अधिकांश बंधकों की रिहाई हो चुकी है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस युद्ध में अब तक 67,139 फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है और करीब 1,70,000 लोग घायल हैं।











