बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम आज घोषित होंगे
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का परिणाम आज जारी किया जाएगा। राज्य की कुल 243 सीटों पर मतदान के बाद मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। मतगणना के लिए 46 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। इसके तुरंत बाद यानी सुबह 8:30 बजे से ईवीएम मशीनों से मतों की गणना शुरू हो जाएगी। शुरुआती रुझान या परिणाम लगभग 11 बजे तक सामने आने की उम्मीद है।
कुल 2616 उम्मीदवारों का भाग्य तय, मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच
आज शाम तक सभी परिणाम आने की संभावना है, जिसमें कुल 2616 उम्मीदवारों का भाग्य तय होगा। इनमें दो डिप्टी सीएम समेत नीतीश सरकार के 25 मंत्री भी शामिल हैं। उम्मीदवारों में 2357 पुरुष, 258 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर प्रत्याशी भी हैं। मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और महागठबंधन के बीच है। इसके अलावा, जन सुराज पार्टी और कुछ निर्दलीय उम्मीदवार भी त्रिकोणीय मुकाबले में भाग ले रहे हैं। मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
प्रथम परिणाम आने वाले विधानसभा क्षेत्र और मतगणना प्रक्रिया
बिहार के पांच विधानसभा क्षेत्रों में सबसे पहले परिणाम की उम्मीद है। सबसे पहले हिसुआ विधानसभा का परिणाम आएगा, जहां कुल 485 बूथ हैं। इसके बाद लखीसराय (468 बूथ), आलमनगर (436 बूथ) और सूर्यगढ़ा (436 बूथ) का परिणाम आएगा। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में 298 बूथ हैं, जिनका परिणाम संभवतः दोपहर एक बजे तक आएगा।
मतगणना की प्रक्रिया में प्रत्येक राउंड में लगभग 10 मिनट लगते हैं। मतों की गिनती के दौरान सभी प्रत्याशियों और उनके एजेंटों की मौजूदगी में रिजल्ट बटन दबाया जाता है। इसके बाद प्रत्याशियों के मतों की संख्या स्क्रीन पर दिखाई देती है। पर्यवेक्षक और एजेंट इन आंकड़ों को नोट करते हैं और फिर उन्हें रिटर्निंग ऑफिसर के टेबल पर भेजा जाता है। साथ ही, इन आंकड़ों की फोटो कॉपी भी सभी प्रत्याशियों को प्रदान की जाती है।
चुनाव परिणाम में जिन प्रमुख नेताओं की सीट पर नजर रहेगी, उनमें महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, मौजूदा उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, महेश्वर हजारी, अशोक चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, नितिन नवीन, मंगल पांडेय, श्रवण कुमार, सुनील कुमार और लेशी सिंह शामिल हैं।
इसके अलावा, पूर्व स्पीकर और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। सिकंदरा सीट से पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, कुटुंबा से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, कदवा से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान और बलरामपुर से भाकपा माले विधायक दल के नेता महबूब आलम पर भी सभी की नजरें टिकी होंगी।
पहली बार चुनाव लड़ने वाली गायिका मैथिली याकुर, भोजपुरी फिल्म उद्योग से प्रसिद्ध खेसारी लाल यादव, लोकगायक रितेश पांडेय, विनय बिहारी और पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी इस चुनाव मैदान में हैं।











