मध्य प्रदेश के भिंड में पेशाब करने के विवाद में युवक की हत्या
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक मामूली विवाद के कारण युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना का आरोप तीन व्यक्तियों पर है, जिनके खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। यह घटना भिंड के गोहद क्षेत्र में नेशनल हाईवे 719 पर स्थित ‘दिलीप सिंह का पुरा’ गांव में हुई।
शादी के दौरान पेशाब करने को लेकर हुआ विवाद
गांव के निवासी गौरव गुर्जर की चचेरी बहन की शादी बीती रात थी। गौरव नेशनल हाईवे 719 से गुजरते हुए शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था और पंडाल में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान एक कार वहां रुक गई और उसमें सवार तीन लोग पेशाब करने लगे। जब गौरव ने इस हरकत का विरोध किया, तो कार सवार व्यक्तियों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। गुस्से में आकर उनमें से एक ने गौरव को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर और घटना का विवरण
गोहद चौराहा थाना पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के परिजन राहुल गुर्जर ने बताया कि गौरव घर से बाहर पेशाब करने को लेकर मामूली विवाद में मारा गया। उन्होंने कहा कि यह विवाद केवल एक मिनट का था, लेकिन इसी में गोली चल गई। थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि शादी के दौरान गांव में गुर्जर समाज के लोगों के बीच बहस हुई थी, जिसमें कार से निकले तीन व्यक्तियों की बहस हुई। इसी दौरान एक ने गोली चला दी, जिससे गौरव की मृत्यु हो गई।











