बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राहुल गांधी पर तीखा तंज
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पचमढ़ी दौरे को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जब पूरा बिहार चुनावी माहौल में डूबा हुआ है, उस समय राहुल गांधी प्रचार से दूर रहकर मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में छुट्टियां मना रहे हैं।
मुख्यमंत्री का आरोप और राजनीतिक तंज
बांका जिले की बेलहर विधानसभा सीट पर जेडीयू प्रत्याशी मनोज यादव के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री ने कहा, “यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी को यह भी समझ में नहीं आता कि चुनाव कैसे होते हैं। मैं मध्य प्रदेश से आया हूं और अपने प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहा हूं, जबकि कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी बिहार की बजाय पचमढ़ी में आराम फरमा रहे हैं। क्या यह संभव है?”
राजनीतिक कटाक्ष और चुनावी संदेश
उन्होंने आगे कहा, “घोड़ी तैयार, बैंड बज रहा है, बाराती भी मौजूद हैं, लेकिन दूल्हा भाग जाए तो बारात कौन लाएगा? यह तो कांग्रेस ही कर सकती है। बाद में कहेंगे कि हमारा यह हो गया, वह हो गया। अरे भाई, यह तो उनके कर्म ही हैं। चुनाव को गंभीरता से लेना सीखो।”











