भोपाल में रंगपंचमी पर युवती की कार पर हमला
राजधानी भोपाल में रंगपंचमी के अवसर पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें ऐशबाग थाना क्षेत्र में एक युवती की कार पर जानबूझकर एसिड मिलाकर हमला किया गया। इस घटना से कार का पेंट पूरी तरह जल गया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऐशबाग थाना प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि शिकायतकर्ता युवती, जो अभिरुचि परिसर में रहती है और एक निजी कंपनी के एचआर विभाग में कार्यरत है, ने इस घटना की जानकारी दी है।
कार पर एसिड से हमला, जांच में जुटी पुलिस
रविवार को युवती अपने घर के बाहर अपनी कार पार्क कर बाहर गई थी। जब वह शाम को वापस लौटी, तो उसने देखा कि उसकी कार पर रंग के छींटे पड़े हैं। शुरुआत में उसे यह सामान्य लगा, लेकिन जब उसने पानी डालकर रंग साफ करने का प्रयास किया, तो पता चला कि कार का पेंट उखड़ने लगा है। पानी डालने के बाद भी रंग की जगह से पपड़ी जैसी सामग्री निकलने लगी। जांच में पता चला कि यह रंग नहीं बल्कि एसिड जैसा ज्वलनशील पदार्थ है, जिसे रंग के साथ मिलाकर कार पर डाला गया था। इस घटना के बाद युवती ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया
घटना के बाद से युवती काफी डरी हुई है। उसकी शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि यह हमला जानबूझकर किया गया है, इसलिए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस की टीम इस मामले में हर संभव सुराग जुटाने में लगी है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।










