रेवाड़ी के गांव ढाणी ठेठरबाढ़ में खौफनाक घटना
रेवाड़ी जिले के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति ने अपनी डेढ़ साल की पोती को चलती हुई जेसीबी मशीन के सामने फेंक दिया। यह घटना उस समय हुई जब पंचायत की जमीन पर चल रहे विवाद के कारण तनाव चरम पर था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पंचायत की जमीन पर विवाद और घटना का कारण
मामला उस जमीन का है जिसे हाल ही में अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। पंचायत ने उस जमीन को समतल करने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई थी। जैसे ही मशीन काम शुरू करने लगी, एक परिवार ने इसका विरोध किया। इस बीच, एक व्यक्ति अपनी छोटी बच्ची को लेकर मशीन के पास पहुंचा और उसे सीधे मशीन के पंजे के सामने फेंक दिया। गनीमत रही कि मशीन ऑपरेटर ने तुरंत ही मशीन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई और तनाव का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। सरपंच प्रतिनिधि ने इस घटना की लिखित शिकायत डहीना पुलिस को दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनके पास शिकायत और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं। मासूम की जान खतरे में डालने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











