राज्य में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति पर मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक
बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में एलपीजी गैस की आपूर्ति की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। इस बैठक का उद्देश्य आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाना था।
तेल कंपनियों ने दी आपूर्ति की स्थिति की जानकारी
तेल कंपनियों के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य स्तर पर है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है। गैस की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था भी सक्रिय है। हालांकि, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्थायी बाधा आई है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल प्राथमिकता स्कूलों और अस्पतालों को दी जा रही है, और अन्य क्षेत्रों में भी जल्द आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
सरकार की दिशा-निर्देश और जनता के लिए अपील
राज्य सरकार ने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को निर्देशित किया है कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। साथ ही, गैस सिलेंडरों की चोरी और ब्लैक मार्केटिंग को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। सरकार ने जनता से अपील की है कि एलपीजी की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या जमाखोरी से बचें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारु और निर्बाध रूप से जारी है।











