गुरुग्राम में स्टंटबाजी करने वाले तीन युवकों की गिरफ्तारी
गुरुग्राम के एक्सप्रेस-वे पर खतरनाक स्टंटबाजी करने के आरोप में तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह घटना तब प्रकाश में आई जब सोशल मीडिया पर इन युवकों का वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी खिड़कियों से बाहर निकलकर जानलेवा स्टंट कर रहे थे। गुरुग्राम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए थाना भौंडसी क्षेत्र में इन युवकों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार और जब्त की कार
पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रही स्टंटबाजी गुरुग्राम के सिग्नेचर ग्लोबल दक्षिण कंपनी के पास एक्सप्रेस-वे पर हुई थी। आरोपियों ने अपनी स्विफ्ट कार में बैठकर खतरनाक करतब दिखाए। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़कर उनकी कार भी जब्त कर ली।
आरोपियों की पहचान और उनके बारे में जानकारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक कुमार (20, गाजीपुर), मोहमद सनम (20, समस्तीपुर) और दुर्गेश (23, कानपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि दुर्गेश गुरुग्राम के सरस्वती इंक्लेव में मोबाइल फोन की दुकान चलाता है, जबकि विवेक और मोहमद बेरोजगार हैं। तीनों किराए के कमरे में रहते थे और अपने मकान मालिक से स्विफ्ट कार लेकर स्टंटबाजी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने इस खतरनाक कार को भी बरामद कर लिया है।











