फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला में झूला हादसे की जांच तेज
फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला परिसर में 7 फरवरी को हुए भयावह झूला दुर्घटना के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में एक झूला टूट गया था, जिसमें लोगों को सुरक्षित निकालते समय हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद की जान चली गई।
गिरफ्तार आरोपियों में झूला कंपनी का मालिक भी शामिल
पुलिस के अनुसार, झूला लगाने वाली कंपनी “हिमाचल केयर फन केयर” के मालिक मोहम्मद शाकिर को हिरासत में लिया गया है। यह व्यक्ति हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के टोका नंगला गांव का निवासी है। बताया जाता है कि टूटे हुए झूले का मालिक भी वही है, और उसका नाम एफआईआर में दर्ज है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के धर्मपुरी सदर निवासी नितेश को भी गिरफ्तार किया गया है। अभी भी अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है।
मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
सूरजकुंड थाने में इस हादसे के सिलसिले में कंपनी के मालिक मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस जाँच की निगरानी एक तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) कर रहा है, जिसे पुलिस उपायुक्त अपराध के नेतृत्व में गठित किया गया है।











