उत्तर पूर्वी दिल्ली में तीन संगीन अपराधों ने मचाई दहशत
उत्तर पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी रोड पर जाफराबाद थाना और न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने एक के बाद एक तीन गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया। इन वारदातों ने पूरे इलाके में भय का माहौल बना दिया है, क्योंकि अपराधी घटनाओं के बाद मौके से फरार हो गए।
पहली घटना में मोबाइल छीनने का प्रयास और गोलीबारी
सबसे पहले जाफराबाद इलाके में ब्रह्मपुरी मैन रोड पर एक 40 वर्षीय व्यक्ति आबिद के साथ घटना हुई। अपराधियों ने उसकी मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया, लेकिन जब आबिद ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
लूट और हिंसा की घटनाएं जारी, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
गोली चलाने के बाद अपराधी न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में स्थित लक्ष्मी जनरल स्टोर पहुंचे। वहां दुकान पर बैठी एक बुजुर्ग महिला के सिर पर पिस्टल तानकर करीब 10 हजार रुपये लूट लिए। महिला ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसे धमकाया और वहां से फरार हो गए। इसके बाद, अपराधियों ने पास ही स्थित गोस्वामी मिष्ठान नामक दुकान को निशाना बनाया। उन्होंने हलवाई को पिस्टल की नोक पर लूटने का प्रयास किया, लेकिन विरोध करने पर उस पर तमंचे की बट से हमला कर दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घायल आबिद को तुरंत जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जैसे ही पुलिस को घटना की जानकारी मिली, उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम और एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया। जाफराबाद और न्यू उस्मानपुर थाना के एसएचओ के साथ ही एसीपी सुरेंद्र और एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अपराधियों की पहचान हो चुकी है और उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
पुलिस ने टीम बनाकर दबिशें शुरू कर दी हैं। इस घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भय व्याप्त है। मौजपुर वार्ड से भाजपा के निगम पार्षद ने कहा कि जाफराबाद और सीलमपुर जैसे इलाकों में लगातार अपराध की घटनाएं हो रही हैं। ब्रह्मपुरी रोड के दुकानदार भी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।











