दक्षिणी दिल्ली में सेना अधिकारी के साथ हिंसक घटना
दक्षिणी दिल्ली के वसंत एन्क्लेव क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना प्रकाश में आई है, जिसमें भारतीय सेना के एक सेवारत ब्रिगेडियर और उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई। यह घटना शुक्रवार रात लगभग 10 बजे की है, जब ब्रिगेडियर अपने बेटे के साथ सोसाइटी के पास टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक खड़ी कार पर पड़ी, जिसमें दो व्यक्ति खुलेआम शराब पी रहे थे।
पब्लिक प्लेस पर शराब पीने से रोकने पर हुआ विवाद
सूत्रों के अनुसार, जब ब्रिगेडियर ने इन व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया, तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कार में मौजूद दोनों युवकों ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में सात से आठ लोग अलग-अलग गाड़ियों से वहां पहुंच गए और मामला हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस की निष्क्रियता और घायल का उपचार
मामले में यह भी बताया जा रहा है कि हमलावरों ने ब्रिगेडियर के बेटे पर हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए ब्रिगेडियर के साथ भी बदसलूकी और धक्का-मुक्की हुई। घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने 112 नंबर पर कॉल किया, लेकिन पुलिसकर्मी केवल तमाशबीन बने रहे और हमलावरों को रोकने का प्रयास नहीं किया। जब पीड़ित परिवार वसंत विहार थाने पहुंचा और एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास किया, तो शुरुआत में शिकायत नहीं ली गई। बाद में घायल को सैन्य अस्पताल ले जाया गया। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश व्यक्त किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि ब्रिगेडियर ने अपने करियर में कश्मीर और एलओसी जैसे संवेदनशील इलाकों में सेवा दी है। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।










