दिल्ली में नई एजुकेशन सिटी का निर्माण शुरू
दिल्ली सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। नरेला क्षेत्र में एक विश्वस्तरीय एजुकेशन सिटी विकसित करने की योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना के तहत गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) और दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी (DTU) को नए अत्याधुनिक कैंपस के लिए भूमि आवंटित की गई है। यह जानकारी दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने दी।
उच्च शिक्षा के लिए नई जमीन और सुविधाएं
गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) को नरेला में 22.43 एकड़ जमीन दी गई है, जिसके लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) को 162.90 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। यह विश्वविद्यालय का तीसरा कैंपस होगा, जबकि इससे पहले दो कैंपस सूरजमल विहार और द्वारका में स्थापित हैं। वहीं, दिल्ली टीचर्स यूनिवर्सिटी को 92.16 करोड़ रुपये की लागत से 12.69 एकड़ भूमि प्रदान की गई है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस शिक्षा केंद्र का सपना
आशिष सूद ने बताया कि इस नई एजुकेशन सिटी में स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक रिसर्च सेंटर, इनोवेशन लैब्स, हॉस्टल, खेल परिसर और स्टार्टअप इकोसिस्टम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन सुविधाओं का उद्देश्य छात्रों को विश्वस्तरीय शिक्षा प्रदान करना है, जिससे दिल्ली की शैक्षणिक छवि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो सके। इस परियोजना का बजट पहले 500 करोड़ रुपये था, जिसे बढ़ाकर अब 1300 करोड़ रुपये कर दिया गया है। अब तक लगभग 462 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, और शेष राशि का भुगतान इस वर्ष पूरा करने की योजना है।










