पटना में NEET छात्रा की मौत की जांच तेज, पुलिस ने लिया एक्शन
बिहार की राजधानी पटना में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस और जांच एजेंसियों ने अपनी जांच को तेज कर दिया है। पटना सचिवालय की SDPO डॉ. अनु कुमारी के नेतृत्व में SIT टीम देर रात पीड़िता के पैतृक गांव पहुंची, जहां उन्होंने परिवार के पांच सदस्यों के ब्लड सैंपल लिए हैं। इनमें छात्रा की मां, पिता, भाई और दो मामा शामिल हैं।
फॉरेंसिक रिपोर्ट में मिले संकेत, यौन शोषण की आशंका
फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) ने अपनी बायोलॉजिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है, जिसमें छात्रा के अंतःवस्त्र से शुक्राणु के निशान पाए गए हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने माना है कि छात्रा के साथ यौन शोषण की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अब जांच एजेंसियों का मुख्य ध्यान उस संदिग्ध व्यक्ति की पहचान पर है, जिसने छात्रा के साथ गलत किया हो सकता है।
जांच में तेजी, डीएनए सैंपल से होगी पुष्टि
पटना पुलिस ने इस मामले में आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि 10 जनवरी 2026 को मृतका के परिजनों ने कुछ वस्त्र पुलिस को सौंपे थे, जिन्हें विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर FSL भेजा गया है। जांच में पता चला है कि घटना के समय पहने गए एक अंतःवस्त्र से शुक्राणु के अवशेष मिले हैं, जिनकी डीएनए प्रोफाइल तैयार की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी और अन्य संदिग्धों के डीएनए सैंपल लेकर इस प्रोफाइल का मिलान किया जाएगा।









