बिहार के हाजीपुर में बुलडोजर अभियान की चर्चा तेज
बिहार के हाजीपुर शहर में इन दिनों बुलडोजर कार्रवाई सुर्खियों में है। पिछले एक सप्ताह से चल रहे इस अभियान का नेतृत्व नगर परिषद कर रही है, लेकिन सबसे अधिक चर्चा भाजपा विधायक अवधेश सिंह की सक्रिय भागीदारी को लेकर हो रही है। इस अभियान के दौरान शहर के मुख्य बाजारों, गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नगर परिषद की टीम रोजाना मशीनों के साथ पहुंच रही है। विधायक अवधेश सिंह स्वयं कई बार मौके पर मौजूद रहते हैं या फिर उनके प्रतिनिधि कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं।
बिहार में बुलडोजर अभियान से हड़कंप मचा
बिहार में चल रहे इस बुलडोजर अभियान के कारण पूरे शहर में हलचल मची हुई है। विधानसभा चुनाव के बाद जिला प्रशासन और नगर परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक में विधायक ने स्पष्ट कहा था कि जाम की समस्या विकराल हो रही है, जिसे दूर करने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज किया जाना चाहिए। उन्होंने हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि दुकानों के बाहर बने अवैध ढांचे और फैले हुए सामान सड़क को संकरा कर देते हैं, जिससे हाजीपुर में रोज घंटों जाम लगते हैं। इस अभियान की शुरुआत पटना मुख्य मार्ग स्थित बीएसएनएल गोलंबर से हुई, जो अब शहर के विभिन्न हिस्सों में फैल चुका है। शुक्रवार को त्रिमूर्ति चौक, गांधी चौक और अन्य प्रमुख इलाकों में पूरे दिन बुलडोजर चलाए गए। कई स्थानों पर विरोध भी देखने को मिला, लेकिन नगर परिषद की टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई निर्बाध रूप से जारी रही।
अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा
विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि अतिक्रमण हटाना नगर परिषद की जिम्मेदारी है, लेकिन शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर यह अभियान निरंतर चलता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जहां भी आवश्यकता होगी, वह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी करेंगे। शहर के आम नागरिक इस कदम को राहत भरा मान रहे हैं, जबकि कई दुकानदार इस कार्रवाई से परेशान नजर आए। इसके बावजूद, नगर परिषद और जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।









