सोनपुर मेले में बालिका शोषण का खुलासा
एशिया के सबसे बड़े सोनपुर मेले में मनोरंजन के नाम पर चल रहे कई थिएटरों में बालिकाओं के जबरन शोषण का चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और पांच नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। यह घटना मेले के दौरान हुई, जहां बालिकाओं का शोषण किया जा रहा था।
पुलिस ने की कार्रवाई और बालिकाओं की रिहाई
तलाशी अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और नेपाल की कुल पांच नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया। इन लड़कियों को जबरन नचाया जा रहा था और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। जैसे ही इस कार्रवाई की भनक थिएटर संचालकों को लगी, वे मौके से भागने की कोशिश करने लगे। सारण एसएसपी ने बताया कि यह कार्रवाई माननीय प्रियांक कानूनगो और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पत्र के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने सोनपुर मेले में चल रहे विभिन्न थिएटरों में छापेमारी कर इन लड़कियों को मुक्त कराया।
जांच जारी, मानव तस्करी का भी संदेह
पुलिस ने इस मामले में हरिहरनाथ थाना कांड संख्या 127/25 दर्ज की है। अब लड़कियों के बयान लिए जा रहे हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें मेले तक कैसे लाया गया और किन व्यक्तियों द्वारा उनका शोषण किया जा रहा था। साथ ही, पुलिस मानव तस्करी के एंगल को भी गंभीरता से जांच रही है, ताकि इस जघन्य अपराध के पीछे के नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।









