बिहार विधानसभा का बजट सत्र आज शुरू
बिहार विधानसभा का आगामी बजट सत्र आज, 3 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से शुरू हो रहा है। इस सत्र की शुरुआत प्रश्नोत्तर काल के साथ होगी, जिसमें विधायक जनता के हित से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगे। राज्य के वित्त मंत्री विजेंद्र यादव दोपहर 2 बजे सदन में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे।
यह सत्र राज्य के विकास के लिए वित्तीय आवंटन तय करने और सरकार के ‘विकसित बिहार’ के विजन को जमीन पर उतारने का मुख्य उद्देश्य रखता है। इस बार बिहार सरकार लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का विशाल बजट पेश करने की योजना बना रही है।
बजट का मकसद और नई योजनाएं
जानकारी के अनुसार, सरकार इस बार सात निश्चय के पिछले चरणों की सफलता के बाद, पार्ट-3 के तहत बिहार को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम उठाने की तैयारी कर रही है। इसमें प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े प्रावधान किए जा सकते हैं।
बजट का मुख्य उद्देश्य राज्य के आर्थिक विकास को गति देना और नई नीतियों के माध्यम से बिहार को सशक्त बनाना है। इस सत्र में सरकार नई योजनाओं की घोषणा कर सकती है, जिनसे रोजगार, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में सुधार की उम्मीद है।
रोजगार, उद्योग और महिला सशक्तिकरण पर जोर
बजट में रोजगार के क्षेत्र में बड़ी घोषणाएं होने की संभावना है। एनडीए सरकार के पांच सालों में एक करोड़ लोगों को नौकरी देने का लक्ष्य पूरा करने के लिए विशेष फंड का प्रावधान किया जा सकता है। इसमें सरकारी नौकरियों के साथ-साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्टअप और उद्योगों को प्रोत्साहन भी शामिल हो सकता है।
इसके अलावा, महिला सशक्तिकरण और उद्योग क्षेत्र पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत स्वरोजगार की इच्छुक महिलाओं को वित्तीय सहायता दी जा सकती है। बिहार को औद्योगिक रूप से सशक्त बनाने के लिए नई नीतियों की घोषणा भी संभव है। बजट के बाद सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी, जिसमें सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।











