मध्य प्रदेश के अशोकनगर में नवजात की हत्या का मामला सामने आया
मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के अस्पताल के SNCU वार्ड से एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है, जिसमें महज एक दिन की नवजात बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि बच्ची का गला घोंटा गया था। यह बच्ची उसके परिवार की तीसरी संतान थी। चंदेरी के सकरा गांव की निवासी भावना ने रात के समय बच्ची को जन्म दिया, जिसके बाद उसे अस्पताल के SNCU में स्थानांतरित किया गया। शनिवार दोपहर उसकी हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची के गले पर दबाव के निशान और मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई है।
डॉक्टरों ने किया हत्या का संदेह जताया
सिविल सर्जन डॉ. बीएल टैगोर के अनुसार, मां ने बताया कि उसने बच्ची को दूध पिलाया था, लेकिन कुछ देर बाद बच्ची अचेत हो गई। जब अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने उसकी जांच की, तो उनके भी रोंगटे खड़े हो गए। बच्ची के गले पर गहरे नीले-लाल निशान और मुंह से खून बह रहा था। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर स्पष्ट किया है कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई निर्मम हत्या है।
प्रशासनिक जांच और संदेह का केंद्र
घटना के समय वार्ड में बच्ची के पास केवल उसकी मां और दादी मौजूद थीं। पुलिस के अनुसार, अस्पताल के बाहर से किसी अज्ञात व्यक्ति के प्रवेश का कोई सुराग नहीं मिला है। वार्ड में सीसीटीवी कैमरा न होने के कारण पुलिस अस्पताल के गलियारों और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मां और दादी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे का कारण और आरोपी का पता लगाया जा सके।









