एमसीडी ने अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई की
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में अपने बिल्डिंग विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इन अधिकारियों में एक असिस्टेंट इंजीनियर (एई) और दो जूनियर इंजीनियर (जेई) शामिल हैं। यह कदम अधिकारियों की ड्यूटी में कोताही और लापरवाही को देखते हुए उठाया गया है।
निर्माण नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए सख्त निर्देश
एमसीडी ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत निर्माण से संबंधित मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम ने अपने फील्ड अधिकारियों को सतर्क रहने और नियमों के अनुसार समय पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही, यह भी कहा गया है कि सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और जो अधिकारी अपनी जिम्मेदारी में असफल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली में अवैध निर्माण रोकने के लिए कदम तेज
बता दें कि दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में 6 सितंबर को एक इमारत का हादसा हुआ था, जिसके बाद एमसीडी ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने ढही हुई इमारत के पास ही स्थित दूसरी बहुमंजिला इमारत को गिराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कदम दिल्ली में अवैध निर्माण को रोकने और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।










