हरियाणा के अंबाला में बोरवेल में गिरा बच्चा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
अंबाला जिले के धन्न्योड़ा गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में बने करीब 220 फीट गहरे बोरवेल में एक नन्हे बच्चे के गिरने की खबर फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और राहत एजेंसियों को सूचित किया। इसके बाद अंबाला पुलिस, भारतीय सेना और एनडीआरएफ की टीमें भारी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीमें, बच्चे को सुरक्षित निकालने का प्रयास
यह घटना मोहड़ा क्षेत्र के पास स्थित धन्न्योड़ा गांव में हुई। अंबाला के उपायुक्त अजय तोमर ने बताया कि यह हादसा सुबह हुआ। बच्चे का नाम निरवैर सिंह है, जो अपने पिता के साथ खेत में काम कर रहे दादा के लिए खाना लेकर आया था। खेलते-खेलते ही वह लगभग 250 फीट गहरे निष्क्रिय बोरवेल में गिर गया। घटना की खबर मिलते ही प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस, सेना और एनडीआरएफ की टीमें मिलकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयासरत हैं।
मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रिस्क्यू टीमें आधुनिक उपकरणों की मदद से बोरवेल के अंदर बच्चे की स्थिति का आकलन कर रही हैं और उसे सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रही हैं। प्रशासन ने घटना स्थल के आसपास सुरक्षा घेरा भी बना दिया है ताकि राहत कार्य में किसी भी तरह की बाधा न आए। इस घटना के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग और परिजन बच्चे के सकुशल बाहर आने की दुआ कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि बचाव अभियान लगातार जारी है और बच्चे को सुरक्षित निकालना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।









