कस्तूरबा अस्पताल में किताबों को लेकर विवाद
मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अंतर्गत आने वाले कस्तूरबा अस्पताल में हाल ही में एक विवाद सामने आया है, जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में कुछ नर्सें कथित तौर पर प्रभोधनकर ठाकरे और दीनकरराव जावलकर की पुस्तकों को एक अधिकारी पर फेंकते हुए दिख रही हैं। यह घटना कुछ महीनों पुरानी बताई जा रही है।
रिटायर होने से लगभग एक माह पहले सेक्शन ऑफिसर राजेंद्र कदम ने अपने सहयोगियों को विदाई के रूप में दो पुस्तकों का उपहार दिया था। इन पुस्तकों का नाम है ‘देवलांचा धर्म आनि धर्माची देऊले’ (Prabodhankar Thackeray) और ‘देशाचे दुश्मन’ (Dinkarrao Javalkar)। इन पुस्तकों में धर्म के नाम पर पाखंड, अंधविश्वास और सामाजिक शोषण की आलोचना की गई है।
मामले में माफी और विवाद की शुरुआत
कुछ नर्सों का आरोप है कि ये किताबें धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली हैं। वीडियो में एक नर्स पूछती नजर आ रही है कि आपने ऐसी किताब क्यों दी, जो हिंदू धर्म का अपमान करती है। इसके बाद कथित तौर पर नर्सों ने किताबें वापस फेंक दीं और उनसे माफी भी मांगी।
यह मामला तेजी से राजनीतिक रंग ले चुका है। मनसे नेता संदीप देशपांडे ने कहा, “प्रभोधनकर ठाकरे का अपमान पूरे महाराष्ट्र का अपमान है। जो लोग ऐसा कर रहे हैं, वे सुधारवादी परंपरा के खिलाफ जहर फैला रहे हैं।” वहीं शिवसेना (UBT) ने इस घटना पर सफाई दी है। पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने कहा, “किसी पर किताब नहीं फेंकी गई। किताब फेंकने और उसे न लेने में फर्क है। जब नर्सों ने किताब ‘देशाचे दुश्मन’ देखी, तो उसने लेने से मना कर दिया। ठाकरे की किताब तो उन्होंने देखी भी नहीं।”
जांच और पुलिस कार्रवाई
स्थानीय विधायक मनोज जामसुतकर और किशोरी पेडनेकर ने अस्पताल जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी विवादित व्यक्ति थे और उनके खिलाफ पहले से ही कई शिकायतें दर्ज थीं।
अस्पताल प्रशासन ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। मेडिकल सुपरिटेंडेंट चंद्रकांत पवार ने कहा कि जांच प्रक्रिया चल रही है, जबकि अग्रिपाड़ा पुलिस ने 19 सितंबर को कदम की शिकायत पर मानहानि के आधार पर एक गैर-कॉग्निज़ेबल केस दर्ज किया है।











