दिल्ली में नाबालिग चोरी का खुलासा: पिता और बच्चे गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने कुछ ही समय में एक विदेशी नागरिक और उसकी नाबालिग बेटी से जुड़ी चोरी का पर्दाफाश कर दिया है। इस घटना में चोरी की गई रकम भी बरामद कर ली गई है। इस मामले में दो नाबालिग बच्चे और उनके पिता को हिरासत में लिया गया है।
मामला क्या था और कैसे हुआ खुलासा?
15 जनवरी को उज्बेकिस्तान (Uzbekistan) के एक नागरिक ने थाना जामा मस्जिद में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने परिवार के साथ जामा मस्जिद घूमने आया था। वह अपने बेटी का कैंसर का इलाज करवा रहा था और सुरक्षा कारणों से अपने होटल में पैसे छोड़ने के बजाय अपने स्लिंग बैग में करीब छह लाख रुपये (7200 अमेरिकी डॉलर) लेकर चल रहा था। भीड़भाड़ वाले इलाके का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उसके बैग से पूरी रकम चुरा ली।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इंटेलिजेंस का सहारा लिया। जांच में दो नाबालिग भाई-बहनों (15 और 13 वर्ष) की पहचान हुई, जिन्हें न्यू सीलमपुर इलाके में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।
पिता का खुलासा और पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इन बच्चों से चोरी करवा रहा था उनका ही पिता। वह खुद पर्दे के पीछे रहकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी कराता था ताकि पुलिस की नजरों से बच सके। आरोपी पिता पहले भी लूट के मामलों में जेल जा चुका है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 6500 अमेरिकी डॉलर और शिकायतकर्ता का ATM कार्ड बरामद किया है। इसके साथ ही चोरी के पैसे से खरीदा गया एक कीमती फोन भी पुलिस के हाथ लगा है। कुल मिलाकर, चोरी की गई रकम का 98.36 प्रतिशत हिस्सा पुलिस ने बरामद कर लिया है।









