दिल्ली के रणहोला में वॉचमैन की जलकर मौत
दिल्ली के रणहोला क्षेत्र में मंगलवार को एक प्राथमिक स्कूल के गार्ड रूम में 58 वर्षीय वॉचमैन की आग में जलकर मौत हो गई। इस घटना की जानकारी पुलिस अधिकारी ने एक समाचार एजेंसी को दी। मृतक की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी नरेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह दिल्ली नगर निगम (MCD) में कार्यरत था और स्कूल में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात था।
आग लगने का कारण अभी अस्पष्ट, जांच जारी
पुलिस ने जानकारी दी कि मृतक का शव पूरी तरह से जला हुआ पाया गया। साथ ही यह भी पता चला कि आग केवल गार्ड रूम में लगी थी, लेकिन आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार सुबह लगभग 8 बजे स्कूल परिसर में आग लगने की कॉल प्राप्त हुई। फायर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक वे पहुंची, आग बुझ चुकी थी। जांच के दौरान गार्ड रूम के अंदर जली हुई लाश मिली।
मामले की जांच में जुटी पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना के बाद क्राइम टीम ने स्थल का निरीक्षण किया और स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आग लगने का कारण पता चल सके। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है। अभी तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, और पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है।











