मध्य प्रदेश के सिंगरौली में महिला ने हाईटेंशन लाइन पर चढ़कर की आत्महत्या की कोशिश
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक मेले के दौरान अचानक तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक महिला ने अपने पति से नाराज होकर जान देने का प्रयास किया। यह घटना सरई थाना क्षेत्र के झारा गांव की है, जहां मेले में आई एक युवती ने झूला झूलने को लेकर हुए विवाद के बाद पास ही खड़ी हाईटेंशन बिजली लाइन पर चढ़ गई।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने किया प्रयास, महिला को सुरक्षित नीचे उतारा
जानकारी के अनुसार, पिपरखाड़ निवासी यह युवती अपने पति के साथ मेले में आई थी। झूला झूलने को लेकर हुई बहस इतनी बढ़ गई कि महिला गुस्से में आकर मेले के पास लगे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। जैसे ही यह दृश्य लोगों ने देखा, वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे लाया गया
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बिजली विभाग से संपर्क कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक पुलिस और स्थानीय लोगों ने धैर्य और समझदारी से महिला को मनाने का प्रयास किया। अंततः, पुलिस की सूझबूझ और संयम से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। महिला को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है, और किसी तरह की शारीरिक चोट नहीं आई है। इस घटना के बाद मेले का माहौल सामान्य हो गया है।











