दिल्ली पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया
दिल्ली पुलिस ने एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है, जो विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करता था। इस मामले में, दक्षिण दिल्ली के ओखला क्षेत्र से एक 42 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान रहीसुद्दीन मलिक उर्फ अब्दुल के रूप में हुई है, जो जामिया नगर इलाके का निवासी है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एक शिकायत की जांच के दौरान की गई। 9 अक्टूबर को अमन बिहार थाना में एक शिकायत मिली थी, जिसमें शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे और उसके बेटे को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगा है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने आकर्षक नौकरी का लालच देकर फर्जी जॉब ऑफर लेटर और वीज़ा से जुड़े जाली दस्तावेज भी प्रस्तुत किए। इन जालसाजी दस्तावेजों के आधार पर पीड़ित और उसका बेटा आरोपी की बातों में आ गए, लेकिन बाद में उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
आरोपी की गिरफ्तारी और जांच जारी
ओखला से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, और उसकी पूछताछ जारी है। मामले में केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश करता रहा, लेकिन पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली। पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि वह इससे पहले भी कई इलाकों में इसी तरह की ठगी में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का नेटवर्क कितना बड़ा है और उसने कितने लोगों को ठगा है, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि आरोपी का मुख्य तरीका बेरोजगार और शिक्षित युवाओं को निशाना बनाना था। वह उन्हें विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर भरोसा जीतता और फर्जी ऑफर लेटर व वीज़ा दस्तावेज सौंपकर धोखाधड़ी करता था।









